नई दिल्ली : एक तरफ़ जहां पूरा देश ‘चंद्रयान-3’ मिशन की सफलता की कामना कर रहा है, वही एक्टर प्रकाश राज ने ‘चंद्रयान-3’ को लेकर कुछ ऐसा कह दिया, जिससे उसे सोशल मीडिया पर लोग जमकर ट्रोल कर रहे हैं। हालांकि प्रकाश राज ने बाद में अपने उस पोस्ट को लेकर सफाई दी थी लेकिन फिलहाल उनके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई है।
दरअसल, प्रकाश राज ने गत 20 अगस्त 2023 की रात को ट्विटर पर एक पोस्ट किया था जो बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है। इस पोस्ट में उन्होंने ‘चंद्रयान-3’ और विक्रम लैंडर को लेकर एक कार्टून शेयर किया था। इस ट्वीट के बाद से ही लोग प्रकाश राज की जमकर आलोचना कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर उनका खूब मजाक उड़ाया जा रहा है। बाद में प्रकाश राज ने अपने इस ट्वीट को लेकर सफाई दी है।
प्रकाश राज ने एक नया ट्वीट करते हुए लिखा है- नफरत केवल नफरत देखती है.. मैं आर्मस्ट्रांग के समय के एक चुटकुले का जिक्र कर रहा था.. हमारे केरल के एक चाय वाले को लेकर मैं जश्न मना रहा था लेकिन ट्रोल्स ने किस चाय वाले को देखा पता नहीं। अगर आपको मजाक समझ में नहीं आता है तो वो आप पर निर्भर करता है…अब तो बड़े हो जाओ।
वही, ‘चंद्रयान-3’ मिशन पर किए गए ट्वीट को लेकर प्रकाश राज के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज की गई है। हिंदू संगठनों के नेताओं ने उनके खिलाफ बागलकोट जिले के बनहट्टी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है और कड़ी कार्रवाई की मांग भी की है। इसके साथ ही प्रकाश राज को लोग जमकर ट्रोल भी कर रहे हैं। कुछ लोगों ने तो इस पोस्ट के बाद उन्हें देशद्रोही तक कह दिया है।
            









